-पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर, मई की शुरुआत में आम जनता को राहत
पटना। मई महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है। Indian Oil Corporation (IOC) ने स्पष्ट किया है कि रिटेल ग्राहकों के लिए ईंधन की कीमतें यथावत रखी गई हैं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
देश की करीब 90 प्रतिशत ईंधन खपत रिटेल ग्राहकों के जरिए होती है, ऐसे में कीमतों का स्थिर रहना बड़ी राहत माना जा रहा है। पटना में पेट्रोल की कीमत 105.23 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.60 रुपये प्रति लीटर पर कायम है, जबकि प्रीमियम पेट्रोल (X-100) 160 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।

हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में तेजी जारी है। Brent Crude 111.70 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी क्रूड 105.64 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कीमतें स्थिर रखने का सीधा असर तेल कंपनियों पर पड़ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तेल विपणन कंपनियां हर लीटर पेट्रोल पर करीब 14 रुपये और डीजल पर लगभग 18 रुपये का नुकसान झेल रही हैं।
एक तरफ जहां आम जनता को राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। आने वाले दिनों में कीमतों का संतुलन वैश्विक बाजार की स्थिति और कच्चे तेल के रुख पर निर्भर करेगा।











