Advertisement

पुलिस पर हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

-पुलिस पर हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

मुजफ्फरपुर। जिले के पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव चौक पर फरवरी माह में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी विशेष छापेमारी अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, फरवरी में सरपंच लालबाबू साहनी की पिटाई के बाद बड़गांव चौक पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, सड़क जाम, पुलिस वाहन में तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना हुई थी। इस मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष रजनीकांत के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एफआईआर में 50 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था।


पियर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने सुनील कुमार, अनिल शाह, रोहित कुमार, फेकू साहनी, चंदन कुमार, बिरजू साहनी, ब्रजकिशोर साहनी और रंभा महतो को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी बड़गांव क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
गौरतलब है कि इसी मामले में इससे पहले चर्चित कॉमेडियन रमेश साहनी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।