-पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय में कोमल वर्मा और कृष्ण कुमार के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित
राजापाकर। संजय श्रीवास्तव।
पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, राजापाकर के प्रांगण में शनिवार को दो शिक्षकों – कोमल वर्मा एवं कृष्ण कुमार के बीपीएससी के माध्यम से प्रधानाध्यापक पद पर चयन होने के उपलक्ष्य में विदाई सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी ने की। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। दोनों शिक्षकों का स्वागत डायरी, अंगवस्त्र एवं फूलमालाओं से कर भावभीनी विदाई दी गई।
धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने मंच संचालन करते हुए कहा कि कोमल वर्मा का विद्यालय में 20 वर्षों का शिक्षण कार्य अत्यंत प्रेरणादायक और अनुशासित रहा। वे छात्र-छात्राओं को न केवल शिक्षित करती थीं, बल्कि जीवन मूल्यों से भी परिचित कराती थीं। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। अब वे प्रारंभिक विद्यालय, कुंमरागढ़, जंदाहा में प्रधानाध्यापक के पद पर योगदान देंगी।

वहीं कृष्ण कुमार, जो एक माह पूर्व ही विद्यालय में आए थे, अब प्राथमिक विद्यालय, गौसपुर बरियारपुर कन्या में एचएम के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
विदाई समारोह में छात्र-छात्राओं ने भी दोनों शिक्षकों को कलम और डायरी देकर सम्मानित किया। वहीं कोमल वर्मा ने भी सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को रुमाल, कलम और डायरी भेंट कर भावुक विदाई ली। उन्होंने अपने संबोधन में कहा,
> “विदाई की घड़ी हमेशा भावुक कर देने वाली होती है। इस विद्यालय से जाना मन को भारी कर रहा है, परंतु नौकरी में स्थानांतरण एक स्वाभाविक प्रक्रिया है।”
समारोह में हरिनंदन कुमार, बिंदु कुमारी, नीलम कुमारी, संजय कुमार, राजेश कुमार, देवानंद कुमार, अनुराधा कुमारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का समापन स्मृति चिह्न और शुभकामनाओं के साथ हुआ।











