-पिलखी पुल के पास बढ़ा खतरा: बूढ़ी गंडक का जलस्तर बढ़ने के बीच सड़क का किनारा धंसी, बड़े हादसे की आशंका
मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार की नदियों के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच मुजफ्फरपुर के पिलखी पुल के पास से चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। बुढ़ी गंडक नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, वहीं पुल से कुछ ही दूरी पर सड़क के दोनों किनारों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और धंसा हुआ हिस्सा राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल पार करते ही सड़क के दाएं और बाएं किनारे पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। कई जगह सड़क का किनारा कटकर धंस चुका है, जिससे गार्डरेल का हिस्सा भी हवा में लटकता दिखाई दे रहा है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो गया है। जरा-सी चूक किसी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उनका आरोप है कि पथ निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।
लोगों ने मांग की है कि सड़क के धंसे हिस्से और गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच यह सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकती है तथा कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब सवाल यह है कि संबंधित विभाग कब जागेगा और इस खतरनाक सड़क की मरम्मत कब शुरू होगी।












