-पानापुर करियात थाना में जनसंवाद कार्यक्रम, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने सुनी जनता की फरियाद
मुजफ्फरपुर।
पानापुर करियात थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पानापुर करियात थानाध्यक्ष साहुल कुमार को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और आम जनता के साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार किया जाए।

एसएसपी ने फरियादियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा जनता के विश्वास पर खरी उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। आम लोगों द्वारा दी गई सूचनाओं और आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। इससे अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर पुलिस के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।












