-पश्चिम चंपारण से समृद्धि यात्रा-2026 की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण
पटना/पश्चिम चंपारण। दीपक कुमार तिवारी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पश्चिम चंपारण जिले से समृद्धि यात्रा-2026 की शुरुआत करते हुए चनपटिया प्रखंड के कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कुमारबाग स्थित निर्माणाधीन वर्धन सीबीजी प्लांट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्लांट शीघ्र ही संचालन में आ जाएगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने विशेष आर्थिक क्षेत्र, कुमारबाग का निरीक्षण कर वहां स्थापित एवं प्रस्तावित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्राइमरी प्रोसेसिंग सेंटर, कुमारबाग के शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन किया तथा कामकाजी महिला छात्रावास के भवन का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत व्यवसाय शुरू करने वाले उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य उत्पाद, गारमेंट्स, फ्लाई ऐश ब्रिक्स और बाथिंग लग्जरी से जुड़े उत्पादों को देखा और उद्यमियों से उत्पादन, गुणवत्ता एवं लाभ की विस्तृत जानकारी ली।
कुमारबाग में कार्यरत विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने वहां निर्मित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां औद्योगिक इकाइयां बेहतर ढंग से विकसित हो रही हैं और लोग अच्छा कार्य कर रहे हैं। सरकार उद्यमियों और निवेशकों को हरसंभव सहयोग देगी। राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से निवेश के लिए अनुकूल औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक विकास तेज हो रहा है। कुमारबाग एक सशक्त औद्योगिक क्षेत्र के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी पहलों से उनके जीवन और परिवार की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सांसद डॉ० संजय कुमार जायसवाल, सांसद श्री सुनील कुमार, विधायक श्री समृद्ध वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह, चंपारण प्रक्षेत्र के डीआईजी श्री हरकिशोर राय, पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी श्री तरणजोत सिंह, पुलिस अधीक्षक बेतिया श्री शौर्य सुमन सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।














