Advertisement

पटना में बच्चे की हत्या के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था सनकी, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर ले ली जान,पुलिस पर पथराव

-पटना में बच्चे की हत्या के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था सनकी, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर ले ली जान,पुलिस पर पथराव

सम्वाददाता। पटना।

राजधानी पटना के पुनपुन में बच्चे की हत्या करने के बाद बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़े सिरफिरे युवक की लोगों ने पीट पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी गुस्साए लोगों ने पथराव कर दिया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घटना पुनपुन थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनचक की है।
बताया जा रहा है कि अलाउद्दीनचक के रहने वाले कारू सिंह के 12 साल के बेटा बबन कुमार की एक सनकी युवक ने कुल्हाड़ी से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक लोगों से बचने के लिए बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटों तक आरोपी टावर पर ही चढ़ा रहा। टावर के नीचे मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने पत्थर मार मारकर आरोपी को नीचे गिरा दिया और उसके बाद पीट-पीटकर उसकी जान ले ली।


इस दौरान जब पुलिस ने गुस्साए लोगों को रोकने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने पुलिस के ऊपर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने लोगों को खदेड़ने के लिए हवाई फायरिंग भी की लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। फिलहाल इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था। पुलिस ने आरोपी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पटना से सिटी एसपी ईस्ट, सचिवालय ASP समेत कई और थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची है।