-पुराने बर्तन के बदले नए सामान का झांसा, फिर लाखों के जेवर लेकर फरार हुई शातिर महिला
कटरा। मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के धनौर गांव में पुराने सामान के बदले नया सामान देने का झांसा देकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात महिला ने पहले पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन देकर परिवार का विश्वास जीता और बाद में पुराने आभूषण के बदले नए डिजाइनर जेवर देने का लालच देकर दो महिलाओं से सोने-चांदी के आभूषण ले लिए। इसके बाद महिला आभूषण लेकर फरार हो गई। मामले को लेकर पीड़िता रिंकी कुमारी ने कटरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची और खुद को जीविका समूह की प्रतिनिधि बताया। उसने दावा किया कि समूह की ओर से पुराने और टूटे-फूटे बर्तनों के बदले नए बर्तन देने की योजना चल रही है। महिला की बात पर भरोसा कर रिंकी ने उसे कुछ पुराने बर्तन दिए। महिला अगले दिन नए बर्तन लेकर पहुंच गई। इससे परिवार को उसके दावे पर पूरा विश्वास हो गया।
इसके बाद महिला ने कहा कि समूह की विशेष योजना के तहत पुराने सोने-चांदी के आभूषणों के बदले नए डिजाइन के जेवर भी दिए जा रहे हैं। उसकी बातों में आकर रिंकी कुमारी और उनकी जेठानी किरण देवी ने अपने आभूषण उसे सौंप दिए।

रिंकी के अनुसार, उन्होंने सोने की दो हनुमानी, दो जोड़ी कान की बाली, सोने का ढोलना, नाक की कील, चांदी की हंसुली, हथसंकर और दो जोड़ी पायल दी। वहीं किरण देवी ने सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, नाक का फूल और चांदी की पायल महिला को सौंप दी।
आभूषण लेने के बाद महिला ने कहा कि वह इनकी जांच कराकर तुरंत नए जेवर लेकर लौटेगी। इसके बाद वह घर से निकल गई, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
कटरा थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस महिला के बताए गए हुलिए के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। साथ ही गांव से निकलने वाले रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस तकनीकी जांच के माध्यम से भी महिला तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।











