Advertisement

नीट छात्रा से बलात्कार व हत्या के विरोध में एबीवीपी गायघाट इकाई का प्रदर्शन

-नीट छात्रा से बलात्कार व हत्या के विरोध में एबीवीपी गायघाट इकाई का प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर/गायघाट।
पटना में नीट की छात्रा के साथ हुए बलात्कार एवं हत्या की घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) मुजफ्फरपुर की गायघाट इकाई द्वारा छात्राओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि पटना के एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद की रहने वाली छात्रा गायत्री के साथ हॉस्टल संचालक एवं उसके सहयोगियों ने दुष्कर्म किया और फिर क्रूर तरीके से उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य घटना से छात्राओं में भारी आक्रोश देखा गया।


प्रदर्शन के दौरान प्रियांशु प्रिया ने कहा कि इस तरह के घिनौने अपराध करने वाले लोग समाज के लिए अभिशाप हैं और उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। वहीं नेहा कुमारी ने कहा कि सिर्फ मुख्य दोषी ही नहीं, बल्कि घटना में शामिल सभी सहयोगियों की पहचान कर उन पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
एबीवीपी जिला संयोजक अभिनव राज ने कहा कि दोषियों की केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर त्वरित एवं कड़ी सजा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में रीति कुमारी, साक्षी कुमारी, कोमल कुमारी, पूजा कुमारी, सृष्टि कुमारी, दिव्या कुमारी सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।