-निर्वाचक सूची की शुद्धता हेतु तिरहुत प्रमंडल के बीएलओ को मिला प्रशिक्षण
-डीएम मुजफ्फरपुर ने की प्रक्रिया की बारीकियों पर चर्चा
मुजफ्फरपुर।संवाददाता।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तिरहुत प्रमंडल के बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के लिए प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एमआईटी, मुजफ्फरपुर के एवी हॉल में किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचक सूची की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखना है।
आज के प्रशिक्षण सत्र में महुआ के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एसडीओ महुआ सहित वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों के कुल 117 बीएलओ को प्रशिक्षित किया गया। इससे पूर्व 6 मई को मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों के 224 बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस प्रशिक्षण के लिए कर्नाटक कैडर के श्री जयमाधव पी. को आब्जर्वर सह नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर के रूप में नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण सत्र की लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की गई, जिससे भारत निर्वाचन आयोग एवं बिहार निर्वाचन विभाग सीधे जुड़ सके।

प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने भारत में लोकतंत्र की मजबूती के लिए त्रुटिरहित मतदाता सूची की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने बीएलओ को आयोग द्वारा निर्धारित प्रपत्र 6, 7, 8 और 6(क) की विधिवत जानकारी प्राप्त करने और उनके सटीक प्रयोग पर जोर दिया।
डीएम ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण के दौरान दिए जाने वाले निर्देशों के अक्षरशः पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के नाम की हिंदी और अंग्रेजी वर्तनी स्पष्ट होनी चाहिए और जन्मतिथि का उल्लेख तिथि, माह एवं वर्ष सहित किया जाए। फोटो संबंधी निर्देशों में उन्होंने आंखें खुली, बिना चश्मा और टोपी के ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों को अनिवार्य बताया।
सत्र में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सत्यप्रिय कुमार (मुजफ्फरपुर), श्री विजय कुमार (शिवहर) एवं श्री विजय कुमार (सीतामढ़ी) ने भी विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से भी जानकारी दी गई और बीएलओ को प्रशिक्षण के अंत में परीक्षा में शामिल होने व बेहतर प्रदर्शन करने का निर्देश दिया गया।












