Advertisement

नवनिर्मित एमएलए आवास का सीएम नीतीश ने किया निरीक्षण, जल्द होगा आवंटन

-नवनिर्मित एमएलए आवास का सीएम नीतीश ने किया निरीक्षण, जल्द होगा आवंटन

पटना । ब्यूरो।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को दारोगा राय पथ स्थित नवनिर्मित विधायक आवास परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य और उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नया एमएलए आवास अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और परिसर का सौंदर्यीकरण भी उत्कृष्ट तरीके से किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवनिर्वाचित विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्र और निर्वाचन संख्या के आधार पर शीघ्र ही आवास आवंटित कर दिए जाएंगे, ताकि वे बेहतर तरीके से जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह कर सकें।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जेपी गंगा पथ पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गंगा पथ के निर्माण से लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिली है। सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यह मार्ग न सिर्फ यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा।

सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी में यातायात व्यवस्था बेहतर हो, सार्वजनिक सुविधाएँ सुदृढ़ हों और शहर का समग्र विकास तेज़ी से आगे बढ़े।