-नगर निगम कर्मियों की हड़ताल का असर, बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर में लगा कचरे का अंबार; श्रद्धालुओं ने की कार सेवा
मुजफ्फरपुर। बिहार में नगर निगम कर्मियों की हड़ताल का असर अब धार्मिक स्थलों पर भी दिखाई देने लगा है। विश्वप्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर के मुख्य द्वार और मंदिर परिसर में फूलों एवं कचरे का अंबार लग जाने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्रावणी मेले के दौरान बढ़ती भीड़ के बीच स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने कार सेवा के माध्यम से सफाई अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। पूजा के बाद चढ़ाए गए फूलों की मात्रा काफी अधिक होने के साथ-साथ मंदिर के बाहर फूल बेचने वाले भी अतिरिक्त फूल परिसर के आसपास रख देते हैं। नगर निगम की नियमित सफाई व्यवस्था हड़ताल के कारण प्रभावित होने से परिसर में फूलों और अन्य कचरे का ढेर लग गया।

स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं और समाजसेवियों ने निजी ट्रैक्टर की सहायता से मंदिर परिसर से फूल और कचरा हटाने का कार्य कार सेवा के रूप में किया। इस दौरान लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी दिया।
सफाई अभियान से जुड़े लोगों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वर्तमान परिस्थितियों में मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पूजा के लिए अधिक फूल चढ़ाने की बजाय आवश्यकता अनुसार कम फूल अर्पित करें, क्योंकि एक फूल से भी श्रद्धापूर्वक पूजा की जा सकती है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने का आग्रह करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही श्रावणी मेले के दौरान बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जा सकता है।












