Advertisement

नई सरकार के 100 दिन पूरे: मुजफ्फरपुर में जीविका दीदियों का सम्मान, 3 लाख से अधिक महिलाओं ने उत्सव में लिया भाग

-नई सरकार के 100 दिन पूरे: मुजफ्फरपुर में जीविका दीदियों का सम्मान, 3 लाख से अधिक महिलाओं ने उत्सव में लिया भाग

मुजफ्फरपुर। नई सरकार के गठन के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मवीरों और जीविका दीदियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मीना देवी, मास्टर बुक कीपर, संगम संकुल स्तरीय संघ, मुशहरी को सम्मानित किया गया। वहीं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने वाली इस्मत खातून तथा घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को जागरूक कर उन्हें अधिकार दिलाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाली रूपा कुमारी, समन्वयक, दीदी अधिकार केंद्र, मुशहरी को भी जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया।


जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ गांवों की गलियों, ग्राम पंचायतों और प्रखंड स्तर पर भी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर उत्सव का माहौल रहा। जीविका दीदियों ने मेहंदी रचाकर और रंगोली बनाकर कार्यक्रम में भाग लिया। ग्राम संगठनों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों और कैडरों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी ग्राम संगठनों में सरकार की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो फिल्म दिखाई गई तथा मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण प्रोजेक्टर, टीवी और मोबाइल के माध्यम से देखा गया। जिले के सभी प्रखंडों के 3,642 ग्राम संगठनों में आयोजित कार्यक्रम में तीन लाख से अधिक जीविका दीदियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर महिलाओं ने जीविका से जुड़ी योजनाओं, महिला सशक्तिकरण और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने सहयोग शिविर सहित महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार के नेतृत्व में उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है और आने वाले वर्षों में बिहार के और बेहतर विकास की उम्मीद है।
जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती अनीशा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जीविका से जुड़े कैडर, सामुदायिक समन्वयक, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, प्रखंड सलाहकार तथा क्षेत्रीय कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।