-नई सरकार के 100 दिन पूरे: मुजफ्फरपुर में 12,147 से अधिक स्थानों पर हुआ भव्य आयोजन, लाखों लोगों ने लिया हिस्सा
मुजफ्फरपुर। बिहार में नई सरकार के गठन के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को मुजफ्फरपुर जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला प्रशासन के अनुसार पूरे जिले में 12,147 से अधिक स्थानों पर समारोह आयोजित किए गए, जहां राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इसमें लाखों लोगों ने भाग लेकर सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों को देखा और सुना। शाम पांच बजे नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाना है।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि जिले के सभी 373 पंचायतों, 16 प्रखंडों, 2,751 महादलित बहुल टोलों, 5,363 आंगनबाड़ी केंद्रों, 3,642 जीविका ग्राम संगठनों, नगर निगम तथा समाहरणालय सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन सभी स्थलों पर मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों ने देखा।
समाहरणालय सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मीनापुर विधायक अजय कुमार, बोचहां विधायक बेबी कुमारी, विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी, जिलाधिकारी कुमार गौरव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान खेल, समाज कल्याण, जीविका सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों के परिचारियों को सम्मानित किया गया। कुछ लाभुकों को बासगीत पर्चा भी वितरित किया गया। कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर जिले के विकास पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि नई सरकार के 100 दिनों में जिले में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा 213 करोड़ रुपये की लागत से विकसित सिकंदरपुर लेक फ्रंट का उद्घाटन किया गया, जिससे शहर को नई पहचान मिली है। इसके अलावा जिले में तीन नए डिग्री कॉलेज और 17 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) शुरू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सभी पंचायतों और नगर निकायों में लगाए जा रहे सहयोग शिविरों में अब तक 26,919 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 25,120 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। पारू प्रखंड में लगभग 700 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना पर भी कार्य चल रहा है। जिले में एक नए केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति भी मिल चुकी है, जिससे अब मुजफ्फरपुर में तीन केंद्रीय विद्यालय हो जाएंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 21,719 नए आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए हैं। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 9.32 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग, 38 हजार से अधिक एक्स-रे तथा करीब 9 हजार NAAT जांच की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि राशन कार्ड निर्माण अभियान के तहत लगभग 86 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 10 जुलाई 2026 को 4,17,002 पेंशनधारियों के खातों में 64 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। वहीं 14 पंचायत सरकार भवनों को पंचायतों को हस्तांतरित कर संचालित किया गया है, 41 नए पंचायत सरकार भवनों का निर्माण शुरू हुआ है तथा 29 कन्या विवाह मंडपों का शिलान्यास किया गया है। इसके अलावा जिले में करीब 40 सड़क, पुल-पुलिया और फ्लाईओवर परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की विकास योजनाओं से जिले के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।












