-नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री ने जदयू जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
पटना/ब्यूरो।
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू के नवनियुक्त मंत्रियों, नवनिर्वाचित विधायकों, सांसदों, विधान पार्षदों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, अन्य जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
1, अणे मार्ग स्थित नेक संवाद में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए और मुख्यमंत्री को नई सरकार के गठन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बारी-बारी से सभी से मिलकर उनका अभिवादन स्वीकार किया और सभी के समर्थन व विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सरकार के विकास संकल्प को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

इस अवसर पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित बड़ी संख्या में जदयू के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने मुख्यमंत्री को पुनः जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और विश्वास जताया कि नई सरकार विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगी।













