Advertisement

धर्मनिरपेक्षता के पक्षधर स्थापना काल से ही नेपाली कांग्रेस : विमलेन्द्र निधि

-धर्मनिरपेक्षता के पक्षधर स्थापना काल से ही नेपाली कांग्रेस : विमलेन्द्र निधि

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाली कांग्रेस स्थापना काल से ही धर्मनिरपेक्षता और प्रजातंत्र की पक्षधर रही है। पार्टी के जननायक बीपी कोइराला भी धर्मनिरपेक्षता के समर्थक थे। उन्होंने लिखित रूप से पत्रकारों को बताया था कि हिन्दू राष्ट्र की अवधारणा फ्रॉड है। यह बातें रविवार को नेपाली कांग्रेस के देउवा गुट के 15वें महाधिवेशन की तैयारी को लेकर मशाला काटेज में आयोजित अंतरक्रिया कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व गृह तथा उपप्रधानमंत्री विमलेन्द्र निधि ने कहीं।
निधि ने कहा कि नेपाली कांग्रेस ने अपने स्थापना काल से ही अपने घोषणापत्र में धर्मनिरपेक्षता और प्रजातंत्र का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका, ब्रिटेन सहित दुनिया के कई विकसित राष्ट्र और पड़ोसी भारत धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र हैं। आज नेपाल को हिन्दू राष्ट्र बनाने के लिए प्रचार किया जा रहा है, वहीं निरंकुश राजतंत्र की वापसी के लिए भी कई लोग हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ही प्रयास सफल नहीं होंगे और यह केवल सपना बनकर रह जाएगा।


उन्होंने कहा कि राजा जनक के समय भी आस्तिक और नास्तिक विचारधारा के लोग मौजूद थे। चार्वाक ईश्वर में विश्वास नहीं करते थे और नास्तिक विचारधारा के समर्थक थे। निधि ने कहा कि नेपाल में सभी धर्मों को मानने का समान अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि कोई हिन्दू है तो उसे गर्व से हिन्दू कहने का अधिकार है। इसी तरह शेरबहादुर देउवा हिन्दू हैं तो वे मंच से स्वयं को हिन्दू कहते हैं और अन्य धर्मावलंबियों को भी अपनी धार्मिक पहचान सार्वजनिक रूप से बताने का समान अधिकार होना चाहिए।
निधि ने दावा किया कि शेरबहादुर देउवा के नेतृत्व वाली नेपाली कांग्रेस ही वास्तविक नेपाली कांग्रेस है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी अधिवेशन में जीत निश्चित रूप से मिलेगी। यदि ऐसा नहीं हुआ तो देउवा गुट के नेपाली कांग्रेस के जिला, पालिका और वार्ड स्तर तक पदाधिकारी नियुक्त करने की तैयारी अभी से शुरू कर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मी नारायण यादव ने की। इस दौरान रामचंद्र पंजियार, सुरेश चौधरी, पूर्व सभापति माया शंकर गिरी, प्रेस स्वतंत्रता सेनानी राम भरत साह सहित कई नेता और जिले भर से आए कार्यकर्ता मौजूद रहे।