Advertisement

रामदयालु से चांदनी चौक तक बनेगी 4.50 किमी लंबी 6-लेन सड़क

-रामदयालु से चांदनी चौक तक बनेगी 4.50 किमी लंबी 6-लेन सड़क

-44.76 करोड़ की लागत से होगा चौड़ीकरण

मुजफ्फरपुर। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल रामदयालु नगर से चांदनी चौक के बीच अब 4.50 किलोमीटर लंबी 6-लेन सड़क का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। करीब 44.76 करोड़ रुपये की लागत वाली इस बहुप्रतीक्षित परियोजना से रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
पथ निर्माण विभाग और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) समेत संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति मिल चुकी है। अब जल्द ही सड़क चौड़ीकरण और उन्नयन का काम शुरू होने की उम्मीद है।
पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि परियोजना के मार्ग में आने वाली एनएचएआई से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। परियोजना निदेशक एनएचएआई एवं पीआईयू-मुजफ्फरपुर के पत्रांक-701 के माध्यम से पूरी परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया गया है। इससे परियोजना के निर्माण कार्य में आने वाली प्रमुख बाधाएं दूर हो गई हैं।


रामदयालु नगर से चांदनी चौक के बीच प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का दबाव रहता है। वर्तमान में सड़क पर अधिक यातायात दबाव के कारण कई बार लंबा जाम लग जाता है। सड़क के 6-लेन में चौड़ीकरण और आधुनिक तरीके से उन्नयन के बाद वाहनों का आवागमन अधिक सुगम और निर्बाध होने की उम्मीद है।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से लोगों के समय और ईंधन की बचत होगी। यातायात व्यवस्था बेहतर होने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
पथ निर्माण विभाग के सचिव ने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क चौड़ीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मुजफ्फरपुर के आधुनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद शहर के यातायात को बेहतर बनाने में भी इसका बड़ा योगदान होगा।
परियोजना एक नजर में: रामदयालु नगर से चांदनी चौक तक 4.50 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 44.76 करोड़ रुपये है और सड़क को 6-लेन स्वरूप में विकसित किया जाएगा।