-मुजफ्फरपुर जंक्शन पर नो-पार्किंग में खड़े 9 वाहनों पर कार्रवाई, 4500 रुपये जुर्माना
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने से यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है। पिक एंड ड्रॉप के नाम पर कुछ वाहन चालक काफी देर तक वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है और यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी होती है। यात्रियों की समस्या को देखते हुए आरपीएफ ने अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। रविवार को अभियान चलाकर नो-पार्किंग जोन में खड़े नौ वाहनों पर कार्रवाई की गई और वाहन चालकों से कुल 4500 रुपये जुर्माना वसूला गया।

आरपीएफ की टीम ने मुख्य रूप से पिक एंड ड्रॉप लेन, गेट नंबर-1 और पार्सल घर के आसपास अभियान चलाया। इन स्थानों पर वाहन खड़ा करने से रास्ता बाधित होने के कारण सर्कुलेटिंग एरिया में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। कुछ वाहन चालक यात्रियों को उतारने या लेने के नाम पर काफी देर तक वाहन खड़ा रखते हैं, जिससे दूसरे यात्रियों और वाहनों को आने-जाने में परेशानी होती है।
अवैध पार्किंग के कारण कई बार स्टेशन परिसर में जाम लग जाता है। इससे यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए वाहन से जल्दी उतरकर पैदल स्टेशन की ओर जाना पड़ता है। जाम में फंसने के कारण यात्रियों के सामने ट्रेन छूटने का खतरा भी बना रहता है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में नो-पार्किंग जोन का उल्लंघन और अवैध रूप से वाहन खड़ा करने के मामले में दो दर्जन से अधिक केस दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों की सुविधा के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।












