Advertisement

दुर्गापूजा का मेला घूमने निकले तीन किशोर हादसे के शिकार, दो की मौत; तीसरे की हालत गंभीर

-दुर्गापूजा का मेला घूमने निकले तीन किशोर हादसे के शिकार, दो की मौत; तीसरे की हालत गंभीर

-मुजफ्फरपुर के कंपनीबाग में डीएम आवास के समीप डिवाइडर से टकराई बाइक
-हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम

मुजफ्फरपुर। शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंपनीबाग में डीएम आवास के समीप सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों किशोर दुर्गापूजा का मेला घूमने निकले थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

मृतकों की पहचान माड़ीपुर निवासी अनिकेत कुमार (15) और विकास कुमार (17) के रूप में हुई है। वहीं, घायल किशोर की पहचान देव कुमार के रूप में की गई है। बताया गया कि मंगलवार की रात तीनों किशोर बाइक से दुर्गापूजा का मेला घूमने निकले थे। इसी दौरान कंपनीबाग में डीएम आवास के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अनिकेत कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास कुमार और देव कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान विकास कुमार ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, देव कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे में दो किशोरों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मच गया है। त्योहार के मौके पर हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।