-दुकान में युवक की रहस्यमयी हत्या, मां ने शव देखकर खोया होश
मुजफ्फरपुर/बेनीबाद। संवाददाता।
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा चौक पर मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक की लाश उसकी ही दुकान से बरामद हुई। मृतक की पहचान मिश्रौली गांव निवासी स्व. रामचंद्र रजक के पुत्र 19 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में की गई है।
मनीष की मां माया देवी ने बताया कि वह सब्जी विक्रेता हैं और सुबह शरफुद्दीनपुर सब्जी लेने जा रही थीं। केवटसा चौक स्थित अपने बेटे की दुकान के पास पहुंचीं तो दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खोलकर अंदर झांका तो मनीष का शव देखकर सन्न रह गईं। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग जमा हो गए।

मृतक के गले और शरीर पर चोट के निशान थे और शव पर मिट्टी भी लगी हुई थी। एक पैर कुचला हुआ पाया गया। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात हमलावरों ने मनीष की हत्या कर दी। मनीष स्नातक का छात्र था और कपड़े आयरन करने के साथ पान-मसाला व कोल्ड ड्रिंक की दुकान चलाता था।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कटरा सर्किल इंस्पेक्टर शुभनारायण प्रसाद यादव ने बताया कि पुलिस हर पहलु से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है।
परिजनों के आवेदन के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#मुजफ्फरपुरहत्या #दुकानदारमर्डर #CrimeNews #YouthMurder #केवटसाचौक #MuzaffarpurNews #FIRरजिस्टर्ड #पुलिसजांच











