Advertisement

दिन में सिविल कोर्ट तो रात में पुलिस पर हमला

दिन में सिविल कोर्ट तो रात में पुलिस पर हमला

-अपराधी को छुड़ाने या मारने के मामले पर गोपालगंज पुलिस कंफ्यूज

संवाददाता। गोपालगंज।

दिन में गोपालगज सिविल कोर्ट में तो रात में पुलिस टीम पर अपराधियों ने धावा बोल दिया। कोर्ट परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े जेल से पेशी पर आए कुख्यात अपराधी विशाल सिंह कुशवाहा पर फायरिंग की गई। हालांकि, इस हमले में विशाल सिंह कुशवाहा के कान के पास गोली लगी। लेकिन एक अन्य कैदी गोली लगने से घायल हो गया। इस मामले में पुलिस तत्काल फायरिंग करने आए एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अपराधी का नाम सुरेश सिंह है। इस अपराधी की निशानदेही पर गोपालगंज पुलिस की आज तड़के सुबह 2 बजे मीरगंज में अपराधियों की गिरफ्तारी करने के लिए जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम के ऊपर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। दोनों तरफ से जवाबी फायरिंग हुई। जिसमें मौके का फायदा उठाकर गिरफ्तार अपराधी सुरेश सिंह भागने लगा। भागने के दौरान अपराधियों की गोली उसके पैर में गोली लग गई। भाग रहे गिरफ्तार अपराधी सुरेश सिंह को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान अपराधियों की फायरिंग से पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है। हालांकि, किसी पुलिस जवान या अन्य अपराधी को गोली लगने की सूचना नहीं है।
गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस की टीम गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर मीरगंज में छापामारी करने जा रही थी। इसी दौरान चार अपराधियों ने पुलिस के टीम पर हमला कर दिया। अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि ये सभी अपराधी जेल में बंद अपराधी मन्नू तिवारी और शंभू सिंह गिरोह के हैं। गिरफ्तार अपराधी सुरेश सिंह भी इन्हीं अपराधियों के गिरोह का है। फायरिंग करने वाले अपराधी गिरफ्तार अपराधी सुरेश सिंह को बचाने के लिए आए थे या फिर उसे मारने के लिए आए थे। अभी यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
हालांकि इस मामले में पुलिस और अपराधियों के बीच थावे मीरगंज बायपास रोड पर काफी देर तक फायरिंग हुई। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
बहरहाल गिरफ्तार अपराधी के पैर में गोली लगने से अपराधी सुरेश सिंह को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दोबारा भर्ती कराया गया है। जहां से बाहर रेफर कर दिया गया है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी सुरेश सिंह वर्तमान में जेल में बंद अपराधी मन्नू तिवारी और शंभू सिंह के लिए काम करता है। उनके इशारे पर यह शुक्रवार को कोर्ट परिसर में फायरिंग करने आया था। बहरहाल, इस घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी तेज कर दी है। एसपी ने कहा कि इस मामले में एसआईटी का गठन कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।