-दर्दनाक हादसा: बाया नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत, एक ने तैरकर बचाई जान
मुजफ्फरपुर। जिले के साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में बाया नदी में नहाने गए चार बच्चों में से तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बच्चा किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, महावीर स्थान इलाके के चार बच्चे वैद्यनाथपुर स्थित बाया नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए। इनमें से एक बच्चे ने साहस दिखाते हुए तैरकर बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जबकि तीन बच्चे नदी में डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला। हालांकि करीब डेढ़ घंटे तक पानी में रहने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई।
इस हादसे में मनोज साह के 12 वर्षीय पुत्र साहिल, गुड्डू साह के 12 वर्षीय पुत्र अमृत तथा मो. ऐनुल के 14 वर्षीय पुत्र मो. रेहान उर्फ छोटू की मौत हो गई। वहीं मो. मुन्ना के 13 वर्षीय पुत्र मो. गुड्डू ने तैरकर बाहर निकलते हुए अपनी जान बचाई।
घटना के बाद सभी बच्चों को साहेबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।
सूचना मिलने पर साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












