-दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानों में कटौती, 16 जून से कोलकाता सेवा बंद
-यात्रियों और कारोबारियों में नाराजगी
दरभंगा। दरभंगा एयरपोर्ट से एक बार फिर उड़ानों में कटौती की खबर सामने आने के बाद मिथिलांचल के लोगों में मायूसी और नाराजगी बढ़ गई है। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद जिस सुविधा को उत्तर बिहार की लाइफलाइन माना जाने लगा था, अब उसी पर लगातार कटौती का असर दिखने लगा है। ताजा जानकारी के अनुसार 16 जून से दरभंगा और कोलकाता के बीच चलने वाली IndiGo की उड़ान पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। वहीं हैदराबाद रूट पर भी फ्लाइट सेवाओं में कमी की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक अब दरभंगा से हैदराबाद के लिए सप्ताह में केवल चार दिन ही विमान सेवा उपलब्ध रहेगी। सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को इस रूट पर कोई उड़ान नहीं मिलेगी। बताया जा रहा है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने के लिए विमानों का पुनर्समायोजन किया जा रहा है, जिसका असर दरभंगा एयरपोर्ट की सेवाओं पर पड़ा है।

कोलकाता उड़ान बंद होने की खबर से स्थानीय कारोबारियों और यात्रियों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों का कहना है कि इस सेवा के शुरू होने के बाद इलाज, व्यापार, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों के लिए कोलकाता आना-जाना काफी आसान हो गया था। अब सेवा बंद होने के बाद यात्रियों को फिर लंबी रेल यात्रा करनी पड़ेगी या पटना एयरपोर्ट का सहारा लेना होगा।
हैदराबाद रूट में कटौती से आईटी सेक्टर में काम करने वाले प्रोफेशनल्स और कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों की परेशानी भी बढ़ने वाली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है और यहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाएं बढ़ाने के बजाय उड़ानों में कटौती की जा रही है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख रूटों पर पहले से ही हवाई किराया काफी अधिक है, ऐसे में नई कटौती से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।












