Advertisement

थाना के सामने दुकान में फिर चोरी, व्यवसायियों में आक्रोश

-थाना के सामने दुकान में फिर चोरी, व्यवसायियों में आक्रोश

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।

राजापाकर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। थाना के सामने स्थित महावीर आधुनिक फ्लावर मिल एवं मसाला स्टोर में बीती रात दो नकाबपोश चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यवसायियों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।

दुकान संचालक बखरी बड़ाई निवासी भरत साह ने बताया कि 13 मई की रात दो नकाबपोश चोर दुकान में घुसे और बैट्री, इन्वर्टर, टीवी, 5 किलो लौंग, 5 किलो इलायची समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। 14 मई की सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर दो नकाबपोश चोर दुकान में प्रवेश करते और चोरी करते दिखाई दिए।

भरत साह ने बताया कि इससे पहले भी 24 अप्रैल की रात उनके दुकान में चोरी हुई थी। उस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बैकुंठपुर निवासी विजय सिंह के पुत्र कृष्ण कुमार को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में यह उनके दुकान में चोरी की पांचवीं घटना है, जिससे अब तक करीब 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल है।

जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष बजरंग प्रसाद सिंह ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब थाना के सामने स्थित दुकान ही सुरक्षित नहीं है, तो दूरदराज के गांवों और कस्बों में दुकानदारों की सुरक्षा की कल्पना करना भी मुश्किल है।

इस संबंध में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि पूर्व की चोरी की घटना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि व्यवसायी भरत साह द्वारा पुनः चोरी की सूचना दी गई है तथा पुलिस मामले के उद्भेदन में जुटी हुई है। बहुत जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।