Advertisement

तेपरी के पासवान टोला में भीषण अगलगी, कई घर जलकर राख; गैस सिलेंडर में हुआ विस्फोट

-तेपरी के पासवान टोला में भीषण अगलगी, कई घर जलकर राख; गैस सिलेंडर में हुआ विस्फोट

मुजफ्फरपुर/बन्दरा (दीपक तिवारी)। मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत हत्था थाना क्षेत्र के तेपरी गांव स्थित पासवान टोला में भीषण अगलगी की घटना में कई घर जलकर राख हो गए। आग में घरों में रखा राशन, कपड़े, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया। वहीं, आग की चपेट में आने से कई बकरियों की भी जलकर मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है।

जानकारी के अनुसार, आग मनोज पासवान के घर से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के घरों तक फैल गई। आग की लपटें तेज होने के कारण लोगों को सामान निकालने का मौका नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसी दौरान एक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद आग बुझाने का प्रयास किया गया।

अगलगी में कई घरों और घरेलू सामान के जलने से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के समक्ष रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की समस्या उत्पन्न हो गई है।