-तिरहुत स्नातक मतदाता मिलन समारोह में अभिषेक झा ने किया संवाद, स्नातक मतदाताओं से समर्थन की अपील
मुजफ्फरपुर/बंदरा | दीपक कुमार तिवारी।
जिले के बंदरा प्रखंड के पीरापुर पंचायत भवन परिसर में शनिवार को तिरहुत स्नातक मतदाता मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी अभिषेक झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से संवाद करते हुए शिक्षा, युवाओं के हित और क्षेत्र के समग्र विकास को अपनी प्राथमिकता बताया तथा आगामी चुनाव में समर्थन देने की अपील की।
समारोह में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार भी साझा किए।

इस अवसर पर जदयू जिला उपाध्यक्ष मनोज झा, प्रखंड अध्यक्ष सह 20 सूत्री अध्यक्ष मनोज कुशवाहा, भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष सह विधानसभा सूत्री उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, पश्चिमी भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, लोजपा (रामविलास) प्रखंड अध्यक्ष अभिराम ठाकुर, कपिलदेव सिंह, मीडिया प्रभारी धनंजय भारती, वरिष्ठ शिक्षक ब्रह्मानंद ठाकुर, केदार प्रसाद मेहता, बैजू पाठक, सोनू मंडल, मनीष झा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी अपेक्षाओं व सुझावों को जानना रहा। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।












