-तंबाकू छोड़ने का संकल्प दिलाने समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर लगी विशेष प्रदर्शनी
-विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा जनजागरण अभियान
समस्तीपुर, 31 मई —
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा समस्तीपुर रेलवे स्टेशन परिसर में तंबाकू मुक्ति प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सीनियर डीओएम) विजय प्रकाश ने दीप प्रज्वलन के माध्यम से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके तरुण ने बताया कि विश्वभर में हर साल करीब 80 लाख लोग तंबाकू के कारण अपनी जान गंवाते हैं, जिनमें से लगभग 13.5 लाख मौतें केवल भारत में होती हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन से शरीर, मन, परिवार, पर्यावरण और देश की अर्थव्यवस्था पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं।
बीके तरुण ने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान पिछले 40 वर्षों से नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से नशे से मुक्त होने में शत-प्रतिशत सफलता मिलती है। इसी प्रयास को मान्यता देते हुए भारत सरकार ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत ब्रह्माकुमारीज़ को सहभागी बनाया है। पिछले वर्ष नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ ‘मिशन स्पंदन’ के तहत एमओयू भी साइन किया गया।

इस अवसर पर सीनियर डीओएम विजय प्रकाश ने ब्रह्माकुमारीज़ की नि:स्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इन प्रयासों में सहभागी बनकर इसे जनआंदोलन का रूप देना चाहिए।
कार्यक्रम में बहन सविता ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया, वहीं ओम प्रकाश भाई ने तंबाकू मुक्ति का संकल्प दिलवाया और प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण भाई ने किया।
सैकड़ों यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने दान पेटी में तंबाकू उत्पाद डालकर उसे त्यागने का संकल्प लिया। मुख्य रूप से स्टेशन मैनेजर विमल कुमार सिंह सहित रेलवे के कई अधिकारी, कर्मचारी व बड़ी संख्या में यात्रीगण उपस्थित रहे।











