-डीएम रात में पहुंचे बालू घाटों पर, कार्रवाई को लेकर थानाध्यक्षों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
सम्वाददाता। पटना/जमुई।
जिला दंडाधिकारी एवं समाहर्ता जमुई अवनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक की गई। जिसमें जिला पदाधिकारी के द्वारा जमुई जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए जिलाअंतर्गत विभिन्न मुख्य चेक पोस्ट पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की की गई प्रतिनियुक्ति के बारे में चर्चा की गई एवं उनके द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रतिनियुक्ति स्थल पर जिन दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है वे अचूक रुप से ससमय उपस्थित रहकर अपने कार्यों का संपादन करें। साथ ही प्रतिनियुक्त पदाधिकारी की जांच हेतु जिला स्तरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिलाधिकारी जमुई के द्वारा सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि जहां आप के पुलिस पदाधिकारियों को ड्यूटी लगती है उनकी उपस्थिति की जांच आप स्वयं करना सुनिश्चित करे। बैठक में उपस्थित पुलिस अधीक्षक जमुई डॉ शौर्य सुमन के द्वारा संयुक्त आदेश के अनुसार प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति पर बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर बालू के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण तथा ओवरलोडिंग पर कड़ा प्रहार करें ताकि जमुई जिले की सीमा में बालू का अवैध खनन परिवहन एवं भंडारण न हो। वही जिलाधिकारी ने भी रात्रि भ्रमण कर जमुई जिले के कई घाटों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जमुई डॉ शौर्य सुमन, अपर समाहर्ता जमुई सत्येंद्र कुमार मिश्रा ,खनिज विकास पदाधिकारी जमुई सहित सभी अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।












