-डीएम ने मॉडल विद्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर लिया जायजा
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने आज जिले के एक निर्माणाधीन मॉडल विद्यालय रामदवन विभीषण उच्च माध्यमिक +2 विद्यालय, लखौरा का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की महत्त्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत पूर्वी चम्पारण जिले के 27 प्रखंडों में एक-एक मॉडल विद्यालय की स्थापना की जा रही है, जो जिले के लाखों बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को एक नई दिशा देगी।
ये मॉडल विद्यालय कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं नवाचार-आधारित शिक्षा प्रदान करेंगे। प्रत्येक विद्यालय में आधुनिक शिक्षण पद्धति और सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। माध्यमिक स्तर (कक्षा 9-10) के लिए संगीत, ललित कला, नृत्य और शारीरिक शिक्षा सहित कुल 8 शिक्षक तथा उच्च माध्यमिक स्तर (कक्षा 11-12) के लिए 16 शिक्षक प्रत्येक विद्यालय में तैनात किए जाएंगे। शिक्षकों का चयन पूर्णतः पारदर्शी प्रक्रिया के अंतर्गत शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, प्रदर्शन और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।

बताया कि पूर्वी चम्पारण जिले में इन 27 मॉडल विद्यालयों में बच्चों को अपने ही प्रखंड में उच्च स्तरीय शिक्षा सुलभ हो सकेगी। एनएमएमएस परीक्षा में 50 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर नामांकन का अवसर मिलेगा और नामांकन शुल्क अन्य सरकारी विद्यालयों के समान ही रखा जाएगा।
ये विद्यालय केवल पढ़ाई के केंद्र नहीं, बल्कि अपने आस-पास के अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए शैक्षणिक मार्गदर्शन और संसाधन-साझेदारी के केंद्र भी बनेंगे। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन विद्यालयों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के मानक के रूप में विकसित किया जाएगा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूर्वी चम्पारण के बच्चों का सपना अब सरकारी विद्यालय में भी साकार होगा।












