Advertisement

टाइगर मोबाइल के दो जवानों पर व्यवसायी से 3 लाख वसूली का आरोप, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

-टाइगर मोबाइल के दो जवानों पर व्यवसायी से 3 लाख वसूली का आरोप, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

बेगूसराय । पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र में टाइगर मोबाइल में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर एक व्यवसायी से करीब तीन लाख रुपये की अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगा है। नकली सिगरेट फैक्ट्री पर हुई छापेमारी के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार दोनों जवानों ने व्यवसायी और उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाया और डर का माहौल पैदा कर उससे मोटी रकम वसूल ली। आरोप है कि पिछले दो से तीन महीनों से यह गोरखधंधा चल रहा था।

मामले की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पूरे मामले की जांच सदर डीएसपी आनंद पांडे के नेतृत्व में की जा रही है। शुरुआती जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी के घर से वसूली की गई रकम भी बरामद कर ली गई है।

घटना के सामने आने के बाद बेगूसराय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आम लोगों में भी इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।