-छात्राओं की सुरक्षा के लिए सतर्कता जरूरी, पॉक्सो एक्ट की दी गई जानकारी
भागलपुर। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में मंगलवार, 27 अक्टूबर को विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में भागलपुर व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश हामजा आलम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से वर्ष 2012 में पॉक्सो (POCSO) एक्ट लागू किया गया था। बच्चों को इस कानून की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे किसी भी तरह के प्रलोभन या अनुचित व्यवहार के प्रति सजग रह सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी, असहजता या प्रताड़ना का सामना करना पड़े, तो अपनी बात माता-पिता और शिक्षकों के साथ जरूर साझा करें। किसी भी प्रकार की प्रताड़ना की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि कार्यक्रम में दी गई कानूनी जानकारी विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, के लिए बेहद उपयोगी है। उन्होंने बच्चों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर बिना किसी संकोच के मदद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में स्वाभिमान के साथ शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं और जीवन में आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम में अभिनंदन कुमार सिंह, महेश कुमार, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, शांतनु आनंद सहित विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्या उपस्थित रहे।












