Advertisement

गोपालगंज में भू-माफियाओं पर बड़ा शिकंजा, ED को भेजी जाएगी विशेष सूची

-गोपालगंज में भू-माफियाओं पर बड़ा शिकंजा, ED को भेजी जाएगी विशेष सूची

गोपालगंज। जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर जमीन से जुड़े संगठित अपराधियों की एक विशेष सूची तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भेजा जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी सीधा प्रहार किया जाएगा। पुलिस टीम अब उन जमीन, मकान और कारोबार की गहन जांच कर रही है, जिन्हें कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से अर्जित किया गया है।

पुलिस द्वारा तैयार की जा रही इस सूची में ऐसे अपराधियों के नाम शामिल हैं, जिन पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और जमीन विवाद जैसे गंभीर मामलों में पहले से एफआईआर दर्ज हैं। नगर थाना में संगठित अपराध की धाराओं के तहत कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। इनमें योगेंद्र पंडित, मुकेश कुशवाहा, भूषण कुशवाहा, उदय नारायण कुशवाहा, राजपाल कुशवाहा और उमेश कुशवाहा जैसे नाम शामिल हैं।

पुलिस का दावा है कि ये सभी आरोपी संगठित गिरोह के रूप में काम कर इलाके में भय और दहशत का माहौल बना रहे थे। इसके अलावा करीब 60 बड़े भू-माफियाओं को भी चिन्हित किया गया है, जिनकी संपत्तियों की जांच जारी है। गंग दयाल यादव, मुर्गा बाबा और डब्लू तिवारी जैसे चर्चित नाम भी पुलिस के रडार पर हैं।

जांच के बाद जिन संपत्तियों को अवैध कमाई से अर्जित पाया जाएगा, उन्हें प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत जब्त करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर ED को भेजा जाएगा। इस कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन अब भू-माफियाओं के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में है।

गोपालगंज पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और आने वाले दिनों में कई बड़े नामों पर शिकंजा कसने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पूरे जिले की नजर इस हाई-वोल्टेज अभियान पर टिकी हुई है।