Advertisement

गृह मंत्री बनते ही सम्राट चौधरी का सख्त संदेश, बोले– “अपराधियों की खैर नहीं, पुलिस को पूरी छूट”

-गृह मंत्री बनते ही सम्राट चौधरी का सख्त संदेश, बोले– “अपराधियों की खैर नहीं, पुलिस को पूरी छूट”

पटना। ब्यूरो। बिहार के नव नियुक्त उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार संभालते ही राज्य में सुशासन राज को मजबूत बनाए रखने की दिशा में सख्त तेवर दिखाए हैं। उन्होंने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध करने वालों की अब बिहार में कोई जगह नहीं है। सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि पुलिस को अपराध नियंत्रण व कार्रवाई के लिए पूरी स्वतंत्रता दी गई है और अब पुलिस के हाथ बंधे नहीं हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा— “अपराधियों की अब खैर नहीं। पुलिस खुलकर कार्रवाई करेगी। सुशासन का राज पहले भी था और आगे और मजबूती से कायम रहेगा। जिस जंगलराज का अंत किया गया था, वह अब कभी वापस नहीं आएगा।”

उन्होंने गृह मंत्रालय के संचालन को लेकर कहा कि यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में प्रभावी ढंग से काम करेगा। वहीं गया में अपराधियों का ‘पिंडदान’ होने वाले अपने पुराने बयान पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है और आगे भी करेगी।

गृह मंत्रालय पहली बार भाजपा के हिस्से:

गौरतलब है कि बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में नीतीश कुमार ने पहली बार गृह विभाग भाजपा को सौंपा है। उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री के रूप में सम्राट चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि विजय कुमार सिन्हा भी उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। एनडीए के सभी घटक दलों से कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ली थी, जिनमें सबसे अधिक 14 मंत्री भाजपा से, जदयू से कई मंत्री, तथा लोजपा से 2 और हम व आरएलएम से 1-1 मंत्री शामिल हैं।

नीतीश कुमार वर्ष 2005 से गृह विभाग अपने पास रखे हुए थे और यह पहला मौका है जब यह जिम्मेदारी भाजपा के खाते में गई है। हालांकि विभागों के बजट वितरण के हिसाब से भाजपा के पास मात्र 29.22% बजट वाले विभाग हैं, जबकि जदयू के पास कुल 65% बजट वाले विभाग हैं। लोजपा के पास 0.91%, हम के पास 0.58% और रालोमो के विभागों का बजट 3.56% है।

सम्राट चौधरी के सख्त रुख के बाद अब राज्य में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस के रवैये में तेजी आने की उम्मीद की जा रही है।