Advertisement

गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव हवन व उपनयन संस्कार के साथ संपन्न

–गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव हवन व उपनयन संस्कार के साथ संपन्न

मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
प्रखंड के सकरी मन स्थित गायत्री मंदिर प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव रविवार को हवन यज्ञ और उपनयन संस्कार के साथ विधिवत संपन्न हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
यज्ञ कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को महायज्ञ की शुरुआत हुई, जिसके बाद प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। संध्या काल में दीप महोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर आलोकित हो उठा।


रविवार की सुबह हवन यज्ञ के साथ-साथ सामूहिक उपनयन संस्कार निःशुल्क संपन्न कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इसके बाद आयोजित भजन-कीर्तन में व्यास दिनेश मिश्र और गायक प्रणव कुमार ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में मकसूदन पाण्डेय, सुर्यनारायण पांडेय, नागेंद्र पांडेय, संजय पांडेय, जयशंकर पांडेय, अमरेश पांडेय, लव कुमार, हीरा कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के सफल समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।