-गायघाट में फरार आरोपितों पर पुलिस का शिकंजा, घर पर चिपकाया इश्तेहार
गायघाट | दीपक कुमार
थाना क्षेत्र में हत्या एवं एससी-एसटी एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में गायघाट थाना पुलिस ने भूसरा मल्टोली गांव निवासी रामकिशोर सहनी के पुत्र रोहित सहनी और मोहित सहनी के घर पर न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चिपकाया।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपितों पर हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है और लंबे समय से फरार चल रहे हैं। पुलिस टीम जब उन्हें गिरफ्तार करने उनके घर पहुंची, तो वे वहां मौजूद नहीं मिले।

इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने डुगडुगी बजाकर उनके घर पर इश्तेहार चिपकाया, जिससे उन्हें जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आरोपित शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी जल्द की जाएगी।












