-गंगासागर सरोवर में शुरू हुआ पितृ तर्पण, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जनकपुरधाम के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले गंगासागर सरोवर में पितृ तर्पण का सिलसिला शुरू हो गया। पितरों की आत्मा की शांति और उनकी स्मृति में तर्पण एवं श्राद्ध करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ सरोवर परिसर में जुटने लगी।
धार्मिक मान्यता के अनुसार पितृ पक्ष के दौरान गंगासागर में स्नान करने के बाद दिवंगत पूर्वजों का स्मरण करते हुए तर्पण और श्राद्ध करने से पितरों को शांति प्राप्त होती है। श्रद्धालु जल, तिल, कुश, खीरा सहित अन्य पूजन सामग्री से विधि-विधानपूर्वक तर्पण कर रहे हैं।

हर वर्ष पितृ पक्ष के दौरान धनुषा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग गंगासागर पहुंचते हैं। इसके अलावा भारत के विभिन्न क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचकर अपने दिवंगत पूर्वजों के लिए तर्पण करते हैं।
पितृ तर्पण शुरू होने के साथ ही गंगासागर सरोवर का पूरा परिसर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया है। सुबह से ही श्रद्धालु स्नान, पूजा-अर्चना और तर्पण करते नजर आए। माना जाता है कि पितरों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए तर्पण की यह परंपरा सदियों से चली आ रही है।












