-खाकी पहनकर जाली नोट की डील करने पहुंचा रिटायर्ड होमगार्ड जवान, STF ने 6 तस्करों को दबोचा
मुजफ्फरपुर। मोतीपुर थाना क्षेत्र में बिहार विशेष कार्य बल (STF) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने जाली नोटों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर अंतरजिला गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 71,200 रुपये के जाली भारतीय नोट (FICN) और 10.07 लाख रुपये के मनोरंजन बैंक के खिलौना नोट बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि गिरफ्तार आरोपियों में एक सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, वह खाकी वर्दी पहनकर जाली नोटों की डील करने पहुंचा था, ताकि चेकिंग के दौरान उस पर संदेह न हो।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 500 रुपये के 1,311, 200 रुपये के 1,184 और 100 रुपये के 1,153 मनोरंजन बैंक के नोट बरामद किए हैं। इसके अलावा एक चारपहिया वाहन और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि खिलौना नोटों का इस्तेमाल जाली या असली नोटों के साथ गड्डियों में मिलाकर ठगी के लिए किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. साबिर (मनियारी), सुरेश राय, कृष्णा पटेल, राहुल सिंह, साधु साहनी और बीरेन्द्र पासवान के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी पूर्वी चंपारण के कोटवा और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही इनके आपराधिक इतिहास और जाली नोटों की सप्लाई के स्रोत की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह के तार नेपाल या दूसरे राज्यों से जुड़े हैं या नहीं।












