चंपारण की खबर::
-केसरिया महोत्सव की तैयारी पूरी, कल सीएम करेंगे उद्घाटन
– चाक चौबंद विधि व्यवस्था को लेकर डीएम एवं एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मोतिहारी / राजन द्विवेदी ।
जिले के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में प्रमुख केसरिया महोत्सव की तिथि अब आ गई है। तीन दिवसीय इस केसरिया महोत्सव का कल यानी 28 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली है। वहीं सुरक्षा और सुविधा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहे, इसको लेकर जिला व पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आज से ही आ गया है। जिसको लेकर आज डीएम सौरभ जोरवाल एवं एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की सफलता को लेकर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विधि व्यवस्था संधारण के लिए प्रतिनियुक्त संबंधित दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफिंग किया गया।

डीएम और एसपी ने निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का ससमय निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। बता दें कि 28, 29 एवं 30 नवंबर 2023 (तीन दिवसीय) केसरिया महोत्सव 2023 के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों में
बुद्ध पर प्रस्तुति लेजर शो, बिहार गौरव गान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, मुशायरा, स्कूली बच्चों का वाद विवाद प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल का प्रदर्शन, मेडिकल कैंप में मुफ्त मेडिकल जांच शिविर में मोतियाबिंद का इलाज, दिव्यांग जनों के बीच ट्राई साइकिल वितरण, भूमिहीनों के बीच पर्चा वितरण आदि निर्धारित है। केसरिया महोत्सव के अवसर पर विधि व्यवस्था के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वास्थ सुविधा, लाइटिंग, महिला, पुरुष दर्शकगणों को बैठने की सुविधा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था , वाहन पार्किंग आदि दुरुस्त रखने के लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। मौके पर उप विकास आयुक्त समीर सौरभ, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।











