-केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का तेजस्वी पर हमला: “18 नवंबर को खुद शपथ की तारीख बता रहे थे… अब कहाँ हैं?”
पटना।ब्यूरो। बिहार की राजनीति में शब्दों के तीर लगातार चल रहे हैं। रविवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी इतने अधीर थे कि “18 नवंबर को शपथ लेने की तारीख खुद घोषित करते फिर रहे थे। बताइए! ऐसा कौन करता है?” ललन सिंह ने तंज कसते हुए पूछा—“अब कहाँ हैं तेजस्वी? किसी को पता है उनका क्या हाल है?”
उन्होंने कहा कि तेजस्वी के शासनकाल की याद मात्र से लोगों की “रूह कांप जाती है।”
महिलाओं को 10 हजार रुपये देने के वादे पर विपक्ष के सवालों का जवाब:
महिलाओं को चुनाव बाद 10 हजार रुपये देने की घोषणा पर विपक्ष द्वारा भ्रामक प्रचार का आरोप लगाते हुए ललन सिंह ने कहा—
“विपक्ष कहाँ है? उनका काम ही है भ्रम फैलाना। उनसे पूछिए—क्या हाल हुआ? नेतागिरी तो भूल गए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि NDA सरकार ने जो वादा किया है, वह पूरा करेगी।
“नीतीश कुमार वादों पर भरोसा रखते हैं और उन्हें निभाते भी हैं।”

1 करोड़ युवाओं को रोजगार–नौकरी का वादा दोहराया:
रोजगार के मुद्दे पर ललन सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरियां देने के लिए प्रतिबद्ध है।
“एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का वादा पूरा होगा। यह नीतीश कुमार की यूएसपी है। आने वाले 5 साल इसी एजेंडे पर काम किया जाएगा।”
उन्होंने कहा—
“मानकर चलिए, 5 साल में 1 करोड़ नौकरी दी जाएगी।”
कांग्रेस के विरोध पर भी कसा तंज:
कांग्रेस द्वारा रामलीला मैदान से वोटर लिस्ट पुनरीक्षण और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर चलाए जा रहे अभियान पर भी ललन सिंह ने चुटकी ली।
उन्होंने कहा—
“चोरी की बात करने पर कांग्रेस को कौन पूछ रहा है? पहले अपने घर की स्थिति देख लें।”
बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज है और ललन सिंह के इस बयान ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है।










