-कांटी-मड़वन में अब गांव में ही लगेगा जनता दरबार, गरीबों को नहीं करना पड़ेगा दफ्तरों का चक्कर: विधायक
मुजफ्फरपुर। कांटी विधानसभा क्षेत्र के कांटी व मड़वन इलाकों के गरीब और आम लोगों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने रविवार को सरमसपुर स्थित माई स्थान के समीप आयोजित भव्य सम्मान समारोह में यह घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने माई स्थान में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ की। समारोह में पहुंचे भारी संख्या में स्थानीय लोगों ने नव-निर्वाचित विधायक अजीत कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया।
विधायक ने कहा कि पिछले 10 वर्षों तक पद पर नहीं रहते हुए भी उन्होंने हर वर्ग के लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई। जनता के इसी स्नेह और विश्वास का परिणाम है कि उन्हें इस बार भारी मतों से जीत मिली है।

गांव में लगेगा जनता दरबार:
अजीत कुमार ने घोषणा की कि अब क्षेत्र की समस्याओं के निदान के लिए गांव में ही अधिकारियों के साथ जनता दरबार लगाया जाएगा, ताकि लोगों को दूर-दराज दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरमसपुर के दलित टोला के लोगों ने सड़कों की जर्जर स्थिति, भूमि विवाद, रास्ते की कमी, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास, पेंशन सहित कई मुद्दों की जानकारी दी है। इन सभी मामलों को उन्होंने गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर गांव में ही अधिकारियों की टीम के साथ जनता दरबार लगाने का आश्वासन दिया।
स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर चिंता:
स्थानीय लोगों ने हरि सिंह छपरा उच्च विद्यालय जाने वाले बच्चों की सड़क पार करते समय होने वाली संभावित दुर्घटना की आशंका से भी अवगत कराया। विधायक ने इसे गंभीर समस्या मानते हुए केंद्रीय विभागीय मंत्री से मिलकर त्वरित समाधान कराने की बात कही।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग:
समारोह में जदयू प्रखंड अध्यक्ष विनोद गुप्ता, नेता इरफान अहमद दिलकश, प्रमोद पांडे, सहदेव पासवान, शंकर पासवान, जनार्दन त्रिपाठी, प्रभात कुमार त्रिपाठी, भोला त्रिपाठी, हरिहर भगत, विनोद भगत, राजेश चौधरी, विनोद पासवान, मनीष पांडे, नरेश साह, वीरेंद्र कुमार उर्फ गोनू, बैद्यनाथ पासवान, प्रमोद पासवान, सूरज कुमार चौधरी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।












