-कांटी-मड़वन के विकास को मिलेगी रफ्तार, विधायक अजीत कुमार ने मंत्रियों से की मुलाकात
-सड़क, जल संचय और शहरी सुविधाओं के विस्तार पर हुई अहम चर्चा
मुजफ्फरपुर। कांटी विधायक अजीत कुमार ने शुक्रवार को नीतीश मिश्रा एवं श्रवण कुमार से मुलाकात कर कांटी-मड़वन क्षेत्र में विकास कार्यों और जल संकट को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में सड़क निर्माण, जल संरक्षण, जल निकासी और शहरी सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।
विधायक ने मंत्रियों को बताया कि कांटी के कई ग्रामीण क्षेत्र नगर परिषद में शामिल हो चुके हैं, लेकिन वहां अब भी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। उन्होंने इन क्षेत्रों में पोखर निर्माण एवं पुराने पोखरों के जीर्णोद्धार, सड़क निर्माण, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा शहरी सुविधाओं का विस्तार करने की मांग रखी।

बैठक में क्षेत्र में बढ़ते जल संकट से निपटने के लिए जल संचय व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि पोखरों का निर्माण और जीर्णोद्धार जल संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा और लोगों को राहत मिल सकेगी।
इसके अलावा नालों के निर्माण और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। विधायक ने कहा कि कांटी-मड़वन क्षेत्र में तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
वहीं दोनों मंत्रियों ने क्षेत्र के विकास और जल संकट के स्थायी समाधान को लेकर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया।












