-कटिहार में मिड-डे मील व्यवस्था पर उठे सवाल, बाजार में सामान खरीदते दिखे स्कूली बच्चे
कटिहार। बिहार में विद्यालयों की मध्यान भोजन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कटिहार जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रशासन दोनों को कठघरे में ला खड़ा किया है। वीडियो में स्कूली बच्चे पढ़ाई करने के बजाय बाजार में सब्जी और किराने का सामान खरीदते नजर आ रहे हैं।
मामला कटिहार जिले के मनिहारी अनुमंडल स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बौलिया का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने छात्र बाजार में सब्जी और राशन खरीदते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है और लोग स्कूल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
बच्चों का कहना है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उन्हें मध्यान भोजन के लिए सब्जी और अन्य जरूरी सामान खरीदने बाजार भेजा था। छात्रों के इस बयान के बाद मिड-डे मील व्यवस्था को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर स्कूल समय में बच्चों से इस तरह का काम क्यों कराया गया और क्या यह नियमों के अनुरूप है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन यहां छात्र बाजार में सामान खरीदते नजर आ रहे हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हो रही हैं।
मामले का वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि बच्चों से ही मिड-डे मील का सामान मंगवाया जाएगा, तो उनकी पढ़ाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।











