Advertisement

एसकेएमसीएच बनेगा हाईटेक और मरीजोन्मुखी, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

-एसकेएमसीएच बनेगा हाईटेक और मरीजोन्मुखी, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरपुर, 21 अप्रैल 2026:दीपक।
उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पूरी तरह मरीजोन्मुखी बनाने की दिशा में प्रशासन ने ठोस पहल शुरू कर दी है। तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने मंगलवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक कर अस्पताल प्रबंधन, पारदर्शिता और सेवाओं की गुणवत्ता सुधार को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि एसकेएमसीएच केवल मुजफ्फरपुर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर बिहार के लाखों लोगों के लिए एक भरोसेमंद स्वास्थ्य केंद्र है। यहां आने वाले मरीजों को सरकारी मानकों के अनुरूप त्वरित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अस्पताल में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए आयुक्त ने आधुनिक कियोस्क स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों से सीधे फीडबैक लिया जा सके। वहीं सभी लंबित शिकायतों का 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मरीजों की सुविधा के लिए ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड के बाहर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। इससे मरीजों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
बैठक में यह भी सामने आया कि अस्पताल परिसर में मौजूद विश्राम सदनों के संचालन में सुधार की जरूरत है। इस पर आयुक्त ने इन्हें जीविका समूहों या बाहरी एजेंसी के माध्यम से बेहतर तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।
अस्पताल के कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने, तीन पालियों में कर्मियों की तैनाती और नियमित मॉनिटरिंग का भी निर्देश दिया गया। हेल्पलाइन नंबर 0621-2231202 को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान 30 बेड वाले अत्याधुनिक आईसीयू के तैयार होने की जानकारी दी गई। आयुक्त ने इसके शीघ्र संचालन के लिए आवश्यक डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने को कहा।


इसके अलावा भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को जल्द स्थापित करने के लिए बिहार मेडिकल सर्विसेज इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के माध्यम से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक से पहले आयुक्त ने इमरजेंसी और ओपीडी का निरीक्षण किया तथा मरीजों से बातचीत कर फीडबैक लिया। अधिकांश मरीजों ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों को यूनिफॉर्म कोड का पालन करने, अस्पताल परिसर से अतिक्रमण हटाने, पार्क के सौंदर्यीकरण और शेड निर्माण के भी निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि एसकेएमसीएच को एक आदर्श, आधुनिक और मरीजों के अनुकूल स्वास्थ्य संस्थान बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद, प्राचार्य डॉ. विभा देवी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।