Advertisement

एलपीजी सिलेंडर में रिसाव से भीषण आग, चार घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

-एलपीजी सिलेंडर में रिसाव से भीषण आग, चार घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

मुजफ्फरपुर। जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के विशुनपुर टोला, वार्ड संख्या-2 में शनिवार सुबह घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर में रिसाव से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक ही परिवार के चार घर इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गए। हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई, जबकि परिवार के लोगों को बचाने के दौरान गृहस्वामी का हाथ झुलस गया। उनकी जान ग्रामीणों की सतर्कता से बच गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह घर में एक महिला बच्चे के लिए दूध गर्म कर रही थी। इसी दौरान सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही क्षणों में सिलेंडर में धमाका हो गया, जिससे आग तेजी से फैल गई और आसपास के चार घर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में मो. नियाज और मो. सिराज के घर भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
पीड़िता सलमा खातून ने बताया कि बच्चे के लिए दूध गर्म करने के दौरान अचानक आग लग गई। आग लगते ही परिवार के सभी सदस्यों को किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन कुछ ही देर में सिलेंडर में विस्फोट हो गया और आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि घर में रखा सारा सामान, नकदी, कपड़े, अनाज और अन्य घरेलू सामग्री जलकर नष्ट हो गई। उनके अनुसार इस अग्निकांड में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि सिलेंडर में गैस रिसाव के कारण यह हादसा हुआ। पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।