-एनटीपीसी कांटी में बालिका सशक्तिकरण अभियान 2025 का भव्य शुभारंभ
रिपोर्ट: संवाददाता।
मुजफ्फरपुर। एनटीपीसी कांटी द्वारा सोमवार को बालिका सशक्तिकरण अभियान 2025 की शुरुआत की गई। इस महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन एनटीपीसी कांटी के महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं प्रचालन) श्री तापस साहा ने किया। कार्यक्रम में कांटी ब्लॉक के विभिन्न गांवों से आईं 40 छात्राएं शामिल हुईं, जो आठ अलग-अलग स्कूलों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
“सशक्त बालिका, सशक्त कांटी” थीम पर आधारित यह कार्यशाला 26 मई से 22 जून तक चलेगी। इस दौरान छात्राओं को गणित, अंग्रेजी, हिंदी जैसी विषयों की नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। साथ ही योग, नृत्य, संगीत, पेंटिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनका समग्र व्यक्तित्व विकास किया जाएगा। कम्प्यूटर ट्रेनिंग और पौष्टिक भोजन भी इस कार्यक्रम का अहम हिस्सा हैं।

उद्घाटन अवसर पर श्री तापस साहा ने कहा,
“एनटीपीसी कांटी ना सिर्फ बिजली उत्पादन में अग्रणी है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। यह अभियान बालिकाओं को न केवल शिक्षित करेगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाने में मदद करेगा।”
श्री महेशकुमार सुथार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), ने कहा,
“यह अभियान बालिकाओं के जीवन के साथ-साथ उनके परिवार और समाज में भी बदलाव लाएगा। 30 दिन बाद जब ये बच्चियाँ यहाँ से लौटेंगी, तो आत्मविश्वास से भरपूर होंगी।”
इस मौके पर श्री संजीत कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन), ने सभी प्रतिभागियों, ग्रामीणों, शिक्षकगण एवं अधिकारी वर्ग का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अन्य वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
#NTPCKanti #बालिका_सशक्तिकरण #GirlEmpowerment #MuzaffarpurNews #SashaktBalika #NTPCInitiative #EducationForGirls #DigitalLearning #WomenEmpowerment












