-एनएच-27 पर बड़ा हादसा: बाइक सवार को बचाने में पलटा चना लदा ट्रक, युवक गंभीर
मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर बेनीबाद के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागपुर से चना लादकर सुपौल जा रहा एक ट्रक तेज रफ्तार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रक पर लदा चना सड़क पर बिखर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने सामने आ रहे बाइक सवार को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा चना सड़क पर फैल गया।

हादसे में घायल बाइक सवार को स्थानीय लोगों और बेनीबाद पुलिस की मदद से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारु कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











