-एनएच पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा ज़ख़्मी
-भाई जैसा दोस्त जिंदगी और मौत से जूझ रहा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण की सड़कें फिर खून मांग बैठीं। रामगढ़वा प्रखंड के मुरला पंचायत के पास एनएच पर मंगलवार रात 10:30 बजे एक भीषण हादसे ने दो घरों की खुशियां लील लीं। बाइक BR05BO2248 पर सवार दो युवकों को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
इस हृदयविदारक हादसे में धनहर दिहुली गांव के 23 वर्षीय सुनील राम की मौके पर ही मौत हो गई। सुनील अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बाहर काम कर परिवार का खर्च चलाता था। कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर लौटा था। मां-बाप ने सोचा था बेटा कुछ दिन साथ रहेगा, पर किस्मत को कुछ और मंजूर था। इकलौते कमाऊ बेटे के जाने से घर की रीढ़ टूट गई। घर में चीख-पुकार मच गई।

सुनील के साथ बाइक पर बैठा उसका दोस्त नितेश बैठा, पिता स्व. रामबाबू बैठा, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय पीएचसी ले जाया गया, फिर हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया। नितेश अभी भी जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
सूचना मिलते ही रामगढ़वा थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाइक जब्त की। थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी और टोल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। दोषी वाहन को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में मातम पसरा है। जिस बेटे के सहारे बूढ़े माता-पिता ने सपने देखे थे, वो एक झटके में उजड़ गए। हादसा एक बार फिर याद दिला गया कि तेज रफ्तार और लापरवाही का अंजाम कितना भारी होता है।












