-‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
-एलएन तिरहुत महाविद्यालय में हुआ पौधारोपण
मुजफ्फरपुर। वन महोत्सव के अवसर पर ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में शनिवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर में महोगनी, पॉपुलस, जामुन, अमरूद, सागवान सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
मानसून की शुरुआत के बीच रिमझिम बारिश में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं। ये हमें स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण प्रदान करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने कहा कि यदि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित पृथ्वी छोड़ना चाहते हैं, तो ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनएसएस समन्वयक संतोष कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएँ, शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण के साथ वन महोत्सव मनाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल का भी संकल्प लिया।











