-आयुष्मान भारत योजना से देश के 36.24 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज संभव हुआ: राधामोहन सिंह
-डाक-कर्मियों को समारोह में किया सम्मानित
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने अटल जन्म शताब्दी सम्मान समारोह के अवसर पर मोतिहारी कोर्ट उप डाकघर के अटल स्मृति उद्यान में भारतीय डाक विभाग वित्तीय वर्ष 2024 -2025 के प्रथम आठ माह एवं विशेष ड्राइव के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दक्षिणी और पश्चिमी अनुमंडल, मोतिहारी के डाक कर्मयोगियों को सम्मानित किया।
उक्त अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि विराट व्यक्तित्व के धनी भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एक “विशिष्ट दार्शनिक” थे। वह एक ऐसे राजनेता थे , जिन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता, दूरदर्शिता और ईमानदारी के साथ भारत की नियति को आकार दिया। अद्वितीय व्यक्तित्व, वक्तव्य, कर्तव्यनिष्ठा और मित्रत्व भाव ने उनके नेतृत्व को परिभाषित किया। उनकी विरासत को आने वाली पीढ़ियां सदैव संजोकर रखेंगी। अटल बिहारी वाजपेयी शानदार और विराट व्यक्तित्व के नेता थे। उनका राजनीतिक जीवन 1942 के ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन से शुरू हुआ, जब उन्हें 24 दिन जेल में बिताने पड़े थे। अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के संस्थापक सदस्य तथा पहले अध्यक्ष थे। अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन भारतीय लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता, और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित था। उन्होंने ‘राष्ट्रधर्म’, ‘पाञ्चजन्य’ और ‘वीर अर्जुन’ जैसी कई राष्ट्रीय भावना से प्रेरित पत्र-पत्रिकाओं का संपादन करके राष्ट्रवादी विचारधारा को जनता तक पहुंचाया। वह अपनी वाकपटुता, दूर दृष्टि और लोकप्रियता के कारण तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी को गिरफ्तार किया गया।
अटल बिहारी वाजपेयी विदेश मंत्री के रूप में वर्ष 1977 में संयुक्त राष्ट्र को हिंदी में संबोधित करने वाले पहले व्यक्ति थे। हिंदी को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
अपने विरोधियों को बराबर सम्मान देना अटल बिहारी वाजपेयी की सात्विक लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उदाहरण है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी को भारतीय राजनीति का ‘भीष्म पितामह’ कहा था।
अटल जी के विजन को लेकर विकसित भारत का संकल्प साकार कर रही मोदी सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के अंत्योदय के विजन को मिशन के रूप में पूरा कर रही है। गरीब कल्याण योजना से 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, आवास योजना से 3.56 करोड़ लोगों को पक्का घर, स्वच्छ भारत अभियान से 12.35 करोड़ शौचालय, उज्ज्वला योजना के तहत 10.33 करोड़ महिलाओं को गैस सिलेंडर और जल जीवन मिशन के तहत 12 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचाया जा रहा है।
आयुष्मान भारत योजना से देश के 36.24 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज और 14,320 जन औषधि केंद्रों से हर व्यक्ति को सस्ती दवाईयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
54 करोड़ जन-धन खातों, 44 करोड़ लोगों को मुद्रा लोन, और स्वनिधि से 94 लाख रेहड़ी पटरी वालों को लोन दे कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ एम्प्लॉयमेंट सीकर से एम्प्लॉयमेंट जनरेटर भी बनाया।











