-अरुणाचल में ड्यूटी के दौरान ऑक्सीजन की कमी से भारतीय सेना के जवान कुंदन कुमार शहीद, गांव में मातम
राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र के बिशुनपुर बलभद्र उर्फ़ गौसपुर बरियारपुर पंचायत निवासी नंदकिशोर सिंह के पुत्र भारतीय सेना के वीर जवान कुंदन कुमार (30) का आकस्मिक निधन हो गया। कुंदन कुमार अरुणाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले मन्चुका पोस्ट पर तैनात थे, जहां ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी जान चली गई।
आज सुबह लगभग 8 बजे सेना के कर्नल ने फोन कर उनके पिता को पुत्र के शहीद होने की सूचना दी। यह दुखद समाचार मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही दर्जनों ग्रामीण कुंदन के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे। परिजनों ने बताया कि कुंदन कुमार का पार्थिव शरीर कल सेना द्वारा गांव लाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कुंदन कुमार चार भाइयों में सबसे बड़े थे। पांच वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था। उनके तीन वर्ष के एक पुत्र और 10 माह के दूसरे पुत्र हैं। परिवार के लिए वे ही मुख्य सहारा थे। पिता किसान हैं जबकि छोटे तीन भाई प्राइवेट नौकरी में हैं। जवान के असमय निधन से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।












